कोरबा-चांपा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड ट्रेलर से टकराया प्याज लदा वाहन, चालक की मौके पर मौत

कोरबा।चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। कोरबा की ओर से रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर वाहन की चांपा की ओर से आ रहे प्याज से लदे वाहन से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में प्याज लदे वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। प्याज से लदे वाहन का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलने पर टोल नाका से राहत दल मौके पर पहुंचा और गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

वहीं, गंभीर रूप से घायल ट्रेलर चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और बाद में आवागमन बहाल कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जबकि ट्रेलर वाहन गलत दिशा में चल रहा था, जिससे आमने-सामने भीषण टक्कर हुई।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक का इलाज जारी है। मृत चालक के वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है, उनके पहुंचने के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।