अजीबोगरीब मॉडिफाइड बाइक जब्त, यातायात नियम उल्लंघन पर 15 हजार का जुर्माना

कोरबा।कोरबा जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने एक अजीबोगरीब तरीके से मॉडिफाई की गई बाइक को जब्त कर लिया। बाइक इतनी अनोखी और असामान्य थी कि उसका मूल मॉडल और निर्माता कंपनी पहचानना भी मुश्किल हो गया। बिना वैध अनुमति के पूरी तरह मॉडिफाई कर शहर की सड़कों पर दौड़ रही इस बाइक को रामपुर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोका।

पुलिस के अनुसार, तेज गति से फर्राटे भरती इस बाइक की सूचना मिलने पर घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि बाइक में यातायात नियमों के विपरीत बदलाव किए गए थे। इसके चलते पुलिस ने बाइक को जब्त करते हुए वाहन मालिक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि जिले में मॉडिफाइड वाहनों, कानफोड़ू साइलेंसर, तेज हॉर्न और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।