भाजपा के नए विशाल कार्यालय का भूमिपूजन एवं शिलान्यास
कोरबा।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को कोरबा में भाजपा के प्रस्तावित विशाल कार्यालय अटल स्मृति भवन का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं होगा, बल्कि संगठन की शक्ति, विस्तार और हजारों कार्यकर्ताओं के समर्पण व संकल्प का स्थायी प्रतीक बनेगा। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के अंशदान से निर्मित होने वाला यह भवन सर्वसुविधायुक्त होगा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा व गति प्रदान करेगा।
रजगामार रोड स्थित एफसीआई गोदाम के समीप आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन के निरंतर विस्तार और कार्यक्रमों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नए कार्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस भवन के निर्माण से कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और संगठनात्मक कार्यों में सुगमता आएगी।

उन्होंने अटल स्मृति भवन के संकल्प को साकार करने के लिए जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, उनकी टीम और समस्त कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने मिशन में सफल होंगे।
कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल एवं जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने बताया कि लगभग 1.68 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाला यह भवन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ अपनी भव्यता से अलग पहचान बनाएगा। इसमें सभी कार्यकर्ताओं का प्रत्यक्ष योगदान रहेगा, जिससे उनका दीर्घकालिक जुड़ाव पार्टी और उसकी विचारधारा से और मजबूत होगा।
जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित करने में अनेक व्यावहारिक समस्याएं आ रही थीं। क्षेत्रीय विस्तार के चलते चुनौतियां बढ़ गई थीं, इसलिए संगठन के विस्तार हेतु नए कार्यालय की आवश्यकता महसूस की गई। राज्य नेतृत्व की स्वीकृति के बाद इस संकल्प को साकार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, लखनलाल देवांगन, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, देवेंद्र पांडेय एवं जोगेश लांबा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन की शक्ति का प्रतीक बनेगा अटल स्मृति भवन : देवांगन
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि अटल स्मृति भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक बनेगा। आने वाले वर्षों में यह कार्यालय जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों का सशक्त केंद्र बनेगा।
दो वर्षों में पूर्ण हुआ था वर्तमान कार्यालय
जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि कोरबा में भाजपा का वर्तमान कार्यालय 90 के दशक में अस्तित्व में आया था। इसका भूमि पूजन 16 जनवरी 1991 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लखीराम अग्रवाल ने किया था, जबकि लोकार्पण 24 मार्च 1993 को कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा किया गया। प्रस्तावित नया कार्यालय भाजपा की विचारधारा, संस्कार और राष्ट्र प्रथम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला वैचारिक केंद्र सिद्ध होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















