कन्नौजिया राठौर समाज को मिला 25 लाख का सामुदायिक भवन, मंत्री देवांगन ने किया लोकार्पण

कोरबा।कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को मैगजीन भाटा दादर खुर्द स्थित कन्नौजिया राठौर समाज के वार्षिक सम्मेलन में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन के ऊपरी तल का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने साहू समाज तैलिक विकास समिति बालको नगर के भवन एवं अन्य विस्तार कार्यों, जिनकी लागत 20 लाख रुपये है, का विधिवत भूमिपूजन कर विकास कार्यों की सौगात दी।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि कन्नौजिया राठौर समाज आज समाज के हर क्षेत्र में अग्रसर है। महापौर कार्यकाल के दौरान इस भवन की नींव रखी गई थी और समाज की मांग पर 25 लाख की लागत से ऊपरी तल का निर्माण पूर्ण कराया गया। उन्होंने मंच निर्माण के लिए अतिरिक्त 7 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

कन्नौजिया राठौर समाज के जिला अध्यक्ष सीताराम राठौर ने कहा कि वर्तमान सरकार में समाज की सभी मांगें पूरी हो रही हैं और यह हमारे लिए एक नए युग की शुरुआत जैसा है।

साहू समाज तैलिक विकास समिति बालको नगर के कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना कर 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन एवं अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने साहू समाज को परिश्रमी बताते हुए समाज की प्रगति की सराहना की।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम और राज्य सरकार मिलकर हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस कार्यकाल में ऐसे विकास कार्य होंगे जिन्हें लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह, पार्षद सत्येन्द्र दुबे, मंगल वंदे, कृपाराम साहू, सीमा कंवर, नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, पार्षद मुकुंद कंवर, तरुण राठौर, सुभाष राठौर, कन्हैयालाल राठौर, हेमचंद राठौर, राघवेंद्र राठौर, श्यामलाल राठौर, कन्हैया राठौर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।