गोड़मा स्कूल में बिरसा मुंडा जयंती और बाल दिवस मनाया, न्योता भोज में शामिल हुए विद्यार्थी

0 जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा के योगदान से बच्चों को कराया परिचित, भोजन मंत्र के साथ हुआ न्योता भोज

कोरबा। विकासखंड कोरबा के गोड़मा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बिरसा मुंडा जयंती एवं बाल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जनजातीय गौरव दिवस के महत्व, धरती आबा बिरसा मुंडा के संघर्ष और देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से परिचित कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम का समन्वय संस्था के प्रधान पाठक शिवराज शर्मा एवं सहयोगी शिक्षकों ने किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि भी आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव दिवस और बाल दिवस की अवधारणा पर चर्चा करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी बातें बताईं।

प्रधान पाठक शिवराज शर्मा ने बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा को उनके साहस, संघर्ष और जनजागरण के कार्यों के लिए देशभर में सम्मान के साथ याद किया जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपने शौर्य और पराक्रम से अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जनचेतना जगाई तथा बड़ी संख्या में लोगों को अपने विचारों और आंदोलन से जोड़ा। बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में जागरूकता पैदा करने के साथ प्रकृति, परंपरा और सामाजिक अधिकारों के प्रति चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन और बाल दिवस के महत्व पर भी चर्चा की गई।

विद्यार्थियों के लिए आयोजित न्योता भोज कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। भोजन ग्रहण करने से पहले बच्चों ने भोजन मंत्र का उच्चारण किया। विद्यालय में भोजन मंत्र को नियमित व्यवहार और संस्कार का हिस्सा बनाने की पहल की जा रही है।

न्योता भोज को विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना के साथ सामुदायिक सहभागिता और अपनत्व बढ़ाने के एक प्रयास के रूप में प्रस्तुत किया गया। आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।