कोरबा। रायपुर में आयोजित योनेक्स सनराइज 25वीं सीजी स्टेट मिनी एवं सब जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में कोरबा के 14 खिलाड़ी बच्चों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। बालक-बालिका अंडर-11 एवं अंडर-13 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने सिंगल्स और डबल्स मुकाबलों में भाग लेकर प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल किया।
जिला स्तरीय चयन ट्रायल के माध्यम से राज्य प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में अंडर-11 वर्ग से श्रेष्ठा साहू एवं आरिव घिर्रे तथा अंडर-13 वर्ग से श्रेष्ठा साहू एवं आदित्य धनराज ने सीधे मेन ड्रॉ में प्रवेश किया। वहीं अंडर-11 वर्ग में सात्विक सिंह, आरना सिंह, वेदांत कौशिक एवं शिवांश पांडेय ने क्वालिफिकेशन राउंड में हिस्सा लिया।
इसी तरह अंडर-13 आयु वर्ग में वेदांत कौशिक, विवान साहू, आदित्य धनराज, रुद्राक्ष पांडेय एवं आरिव घिर्रे ने क्वालिफिकेशन राउंड में खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के सिंगल्स एवं डबल्स इवेंट में सहभागिता दर्ज की।
सभी खिलाड़ी एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों की सहभागिता और प्रदर्शन पर केडीबीए के संरक्षक अशोक शर्मा, एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, केडीबीए अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सचिव मनीष गुप्ता, कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
