‘तुंहर टोकन’ ऐप से आसान हुई धान बिक्री, किसानों का समय और श्रम बच रहा

0 जिले के 73 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से खरीदी शुरू, अब तक 2.12 लाख क्विंटल धान की आवक

कोरबा। धान खरीदी व्यवस्था में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से किसानों को सहूलियत मिलने लगी है। कोरबा जिले के 73 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। अब तक केंद्रों में 2 लाख 12 हजार क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई है। कुछ केंद्रों को छोड़कर जिले के अधिकांश उपार्जन केंद्रों में खरीदी जारी है। किसान ऑनलाइन टोकन सुविधा को उपयोगी बताते हुए इससे समय और श्रम की बचत होने की बात कह रहे हैं।

जिले के धनगांव निवासी कृषक शिवराज सिंह भी डिजिटल व्यवस्था का लाभ उठा रहे हैं। लंबे समय से खेती-किसानी से जुड़े शिवराज सिंह बताते हैं कि पहले धान बेचने के लिए टोकन कटवाने समिति जाना पड़ता था। इस प्रक्रिया में समय खर्च होने के साथ कई तरह की परेशानियां भी होती थीं। अब ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर लेते हैं, जिससे समिति के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन मिलने के बाद किसान निर्धारित तिथि पर अपनी उपज लेकर धान खरीदी केंद्र पहुंच सकते हैं और आसानी से विक्रय कर सकते हैं। डिजिटल सुविधा से टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल होने के साथ किसानों का समय और श्रम भी बच रहा है।

धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक, सरल और व्यवस्थित बनाने में डिजिटल व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। किसानों को घर बैठे टोकन की सुविधा मिलने से खरीदी केंद्रों तक पहुंचने की योजना बनाने में भी सहूलियत हो रही है।