कोरबा।महासंकल्प 2026 के अंतर्गत कोरबा शहर में स्वच्छता को लेकर नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। एक घंटे की समयसीमा में स्वच्छता शपथ के एक ही बैनर पर 8 हजार लोगों के हस्ताक्षर कर गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम करने के उद्देश्य से 6 फरवरी को हमारा कोरबा घंटाघर से रविशंकर नगर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जुटेगा।
यह आयोजन कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के मार्गदर्शन तथा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में किया जाएगा।
बताया गया कि वर्तमान में उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के नाम एक घंटे में स्वच्छता शपथ के एक ही बैनर पर साढ़े सात हजार हस्ताक्षर का गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। कोरबा इस रिकॉर्ड को तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में पूरी संकल्प शक्ति के साथ आगे बढ़ रहा है।
इस बृहद आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त ने बुधवार को महाविद्यालयों एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा की।
इसके अलावा विद्यालयों, विभिन्न विभागों, संस्थाओं, संगठनों एवं प्रतिष्ठानों के साथ भी लगातार बैठकों का दौर जारी है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए समन्वय बैठकों का सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
