राताखार मुख्य मार्ग पर दो ट्रेलर भिड़े, कैबिन में फंसे चालक को घंटों बाद निकाला गया बाहर

कोरबा।कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राताखार मुख्य मार्ग पर बीती मध्य रात्रि दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। एक ट्रेलर कुसमुंडा से कोरबा की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा कोरबा से गेवरा की ओर जा रहा था। आमने-सामने हुई इस भीषण टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसा इतना जबरदस्त था कि एक ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और गंतव्य तक जल्द पहुंचने की आपाधापी में लापरवाही बरती गई, जिससे यह दुर्घटना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित केबिन से बाहर निकाला गया।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।