कोरबा।धान खरीदी की तिथि बढ़ाने और मनरेगा को यथावत लागू रखने की मांग को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को हरदीबाजार में चक्काजाम किया। महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के आह्वान पर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरदीबाजार के नेतृत्व में सरईसिंगार चौराहे पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं। धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय किए जाने से कई किसान अब भी अपना धान नहीं बेच पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारी धान को खराब बताकर खरीदी से इनकार कर रहे हैं, जिससे किसान परेशान हैं। कंवर ने धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग की।
पूर्व विधायक ने मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत जी-रामजी योजना लागू किए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आजीविका का बड़ा आधार रहा है और इसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर महासंग्राम कर रही है और इसे नतीजे तक पहुंचाया जाएगा।
महिला कांग्रेस की जिला ग्रामीण अध्यक्ष प्रभा सिंह तंवर ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। जिले में किसानों की संख्या अधिक होने के बावजूद उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस के चक्काजाम के चलते सरईसिंगार मार्ग पर कुछ घंटों तक आवागमन बाधित रहा। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधियों ने प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष कौशल श्रीवास, चंद्रहास राठौर, गोपाल यादव, रमेश अहीर, पुष्पेंद्र शुक्ला, संतोष श्रीवास, रामशरण कंवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















