कोरबा। सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 के अंतर्गत जिला परिवहन विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को शहर में जनजागरूकता के उद्देश्य से बुलेट रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस वर्ष सड़क सुरक्षा सप्ताह के स्थान पर पूरे एक माह तक सड़क सुरक्षा माह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला परिवहन विभाग कोरबा के दिशा-निर्देशों एवं रॉयल एनफील्ड कैलाश ऑटो एजेंसी के सहयोग से बुलेट रैली टीपीनगर से प्रारंभ हुई।
रैली सीएसईबी चौक, तानसेन चौक, कोसाबाड़ी, निहारिका, घंटाघर एवं बुधवारी बाजार होते हुए पुनः टीपीनगर स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम पर संपन्न हुई।
कैलाश ऑटो एजेंसी के संचालक आलोक दिवाटे के नेतृत्व में सभी राइडर्स ने हेलमेट पहनकर रैली में भाग लिया और आमजन को सड़क सुरक्षा के अनिवार्य नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली के दौरान “यातायात नियमों का पालन करें, जीवन अनमोल है” जैसे प्रेरणादायक स्लोगन लिखी तख्तियां भी प्रदर्शित की गईं।
इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोटें केवल हेलमेट या सीट बेल्ट न पहनने के कारण होती हैं, जिन्हें आसानी से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा करना केवल चालक की ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि बाइक चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, लेन अनुशासन और गति सीमा का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं तथा ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करें।
यातायात नियमों का पालन कर ही हम अपने और दूसरों के जीवन को सुरक्षित बना सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















