प्रगतिरत विकास कार्य तय समय में पूरे हों, अप्रारंभ कार्य तुरंत शुरू कराएं – महापौर संजू देवी राजपूत

कोरबा।महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने निगम के प्रगतिरत विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने तथा अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

महापौर ने आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में निगम अभियंताओं एवं अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।

बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, उद्यानों की स्थिति, सड़क प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष फोकस रहा।

महापौर श्रीमती राजपूत ने जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना मद, निगम मद, महापौर एवं पार्षद मद, सांसद एवं विधायक मद, सीएसआर मद, वित्त आयोग मद सहित विभिन्न मदों से स्वीकृत कार्यों की जोनवार एवं मदवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया समयसीमा में पूर्ण की जाए।

साफ-सफाई व्यवस्था में और कसावट के निर्देश
महापौर ने स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप साफ-सफाई कार्य कराए जाएं। उन्होंने कचरा उठाव एवं परिवहन तत्काल सुनिश्चित करने तथा एसएलआरएम सेंटरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उद्यानों की व्यवस्थाएं सुधारने पर जोर
निगम क्षेत्र के उद्यानों की समीक्षा करते हुए महापौर ने नियमित निरीक्षण, साफ-सफाई, ओपन जिम एवं बच्चों के खेल उपकरणों की मरम्मत, गार्डनिंग पाथवे सुधार तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा,अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ जोन कमिश्नर,कार्यपालन अभियंता,स्वास्थ्य अधिकारी सहित निगम के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।