कोरबा।रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया के नेतृत्व में आज मनरेगा बचाओ संग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण राठिया , संतोष देवांगन एवं इंजोर सिंह कंवर की अगुवाई में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण ने यह प्रदर्शन ग्राम बेन्दरकोना (गोढ़ी), बरपाली ब्लॉक के उमरेली तथा करतला ब्लॉक के पिडिया चौक में किया।


प्रदर्शनकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार से मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण मजदूरों को पूर्ण रोजगार सुनिश्चित करने तथा धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा के कार्यों में हो रही कटौती से ग्रामीण मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, धान खरीदी की सीमित अवधि के कारण किसान अपनी फसल समय पर नहीं बेच पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है।
धरना स्थलों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। वक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा। पूरा प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता नहीं हुई।
यह धरना छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे मनरेगा बचाव एवं किसान हित संरक्षण आंदोलन का हिस्सा है। विधायक फूल सिंह राठिया जी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आदिवासी-ग्रामीण मजदूरों-किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है और यह संघर्ष जारी रहेगा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी की और अपनी समस्याओं को बुलंद आवाज में रखा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















