मरीजों को दवा के लिए बाहर न जाना पड़े- कलेक्टर, पाली सीएचसी का किया निरीक्षण

कोरबा।पाली ब्लॉक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बुधवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पंजीयन व्यवस्था तथा प्रतिदिन ओपीडी में होने वाले उपचार की विस्तृत जानकारी ली।

कलेक्टर ने विभिन्न विभागों का अवलोकन करते हुए अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों और दवाइयों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नेत्र विभाग में लंबे समय से बंद पड़ी मशीन को शीघ्र प्रारंभ करने, प्रयोगशाला में जांच के बाद मरीजों को रिपोर्ट मोबाइल पर भेजने तथा आईसीयू को 15 दिनों के भीतर व्यवस्थित कर संचालन में लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर दुदावत ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी मरीज को दवा के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके लिए अस्पताल एवं जेनेरिक मेडिकल स्टोर में सभी आवश्यक दवाइयाँ पर्याप्त मात्रा में और कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएँ।

उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, बेहतर देखभाल तथा समय पर उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही सोनोग्राफी सहित सभी चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम पाली रोहित सिंह, बीएमओ डॉ. अनिल सराफ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।