कोरबा।दर्री–जमनीपाली क्षेत्र में आयोजित स्वर्गीय गौरव सरकार मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार को उत्साह, खेल भावना और गरिमामय माहौल के बीच हुआ। उद्घाटन समारोह में समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित नागरिक मनीष अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों के परिचय एवं खेल भावना की शपथ के साथ हुई। मुख्य अतिथि मनीष अग्रवाल ने मैदान में उतरी दोनों टीमों के खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और टीम भावना सिखाने का सशक्त माध्यम भी है।
अपने संबोधन में मनीष अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का खेलों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। खेल युवाओं को नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखते हुए आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने स्वर्गीय गौरव सरकार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट समाज को जोड़ने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सार्थक प्रयास है।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।
इस आयोजन को सफल बनाने में पंकज वर्मा, अज़रुद्दीन मंसूरी (अज़हर), राजकुमार शाह (ईटीवी, पत्रकार), विकास यादव (सेरे गोलू), किशन दास महंत, नितेश सिंह, अज्जू मेमन, अनुराग शर्मा (शुक्कु), लोकेश यादव (लक्की), युगांत श्रीवास्तव, शाहिद मेमन सहित आयोजन समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
उद्घाटन मैच को देखने बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे मैदान में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति ने भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















