विधायक फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर को लिखा पत्र, जांच-कार्रवाई की मांग
कोरबा। कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र में आबकारी विभाग के दो अफसरों पर भोले-भाले आदिवासी ग्रामीणों से अवैध वसूली का बड़ा आरोप लगा है। रामपुर विधानसभा के विधायक फूलसिंह राठिया ने इस मामले को लेकर जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक के पत्र में साफ कहा गया है कि उप निरीक्षक जया मेहर देवांगन और प्रधान आरक्षक संतोष राठौर ग्रामीणों को जेल भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे नहीं दिए तो झूठे केस दर्ज कर जेल पहुंचा दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
बरपाली गांव में विवाद, सरपंच पर भी केस दर्ज
पत्र में बरपाली ग्राम पंचायत (श्यांग थाना क्षेत्र) की घटना का जिक्र है। कुछ दिन पहले यहां आबकारी विभाग और ग्रामीणों में विवाद हुआ। विभाग ने गरीब आदिवासी ग्रामीणों और सरपंच के खिलाफ श्यांग थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विधायक फूलसिंह राठिया ने इसे दबाव बनाने और विरोध को कुचलने की कोशिश बताया है।
“पद का दुरुपयोग, कानून का डर नहीं”
विधायक ने कहा- ये अफसर अपने पद का गलत फायदा उठा रहे हैं। उन्हें कानून का कोई भय नहीं है। मामला अत्यंत गंभीर है, इसलिए तुरंत जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन पर टिकी निगाहें
अब जिला प्रशासन की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। अगर जांच निष्पक्ष हुई तो आदिवासी इलाकों में लंबे समय से चल रही ऐसी कथित वसूली की कई परतें खुल सकती हैं। विभाग पहले भी ऐसे विवादों में रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर आबकारी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















