मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरबा सहित 8 नए साइबर थानों का किया लोकार्पण

रायपुर/कोरबा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कोरबा सहित प्रदेश के 8 जिलों में नए साइबर पुलिस थानों तथा 255 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों और नवीन थाना भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पुलिस विभाग को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह दिन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रेजेंटेशन के माध्यम से साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, पुलिस चौकी, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवनों की आधुनिक और सुविधाजनक संरचना को देखा गया है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए संबंधित एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर कार्य वातावरण से पुलिस अधिकारी और कर्मचारी और अधिक प्रभावी ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि पुलिस बल को बेहतर आवास और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके, विशेषकर सुदूर अंचलों में।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से प्रदेश में साइबर पुलिस थानों का विस्तार किया जा रहा है।

बुधवार को जशपुर, रायगढ़, राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया। इससे पहले प्रदेश के 5 जिलों में साइबर थाना संचालित हैं। भविष्य में आवश्यकता अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने खोले जाएंगे।

गृह मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी परिसर, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स चौकी तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने इन सभी परियोजनाओं की स्वीकृति और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ,डीजीपी अरुण देव गौतम, सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई विधायक एवं जनप्रतिनिधि वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।