उमरेली में शराब दुकान को लेकर बवाल, आबकारी अमले से मारपीट, तीन घंटे बाद खुली दुकान

कोरबा।नशाबंदी अभियान के बीच कोरबा जिले के उमरेली गांव में देशी-विदेशी शराब दुकान को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पंचायत भवन में शराब दुकान संचालित किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने दुकान में ताला जड़ दिया। सुबह जब दुकान के कर्मचारी पहुंचे तो ताला लगा मिला, जिसकी सूचना उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान का संचालन पंचायत के नए भवन में किया जा रहा है, जबकि इसके लिए पंचायत का पुराना भवन तय किया गया था, जो अब जर्जर स्थिति में है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पहले ही नए भवन में दुकान खोले जाने पर आपत्ति जताई थी, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने तालाबंदी का कदम उठाया।

तालाबंदी की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम उरगा थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान ताला खोलने को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि आबकारी अमले के साथ मारपीट भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभाला और ग्रामीणों को समझाइश दी।

पुलिस और आबकारी विभाग की मौजूदगी में शराब दुकान का ताला तोड़ा गया, जिसके बाद करीब तीन घंटे की देरी से दुकान का संचालन फिर से शुरू हो सका।

पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। मामले में आबकारी अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।