माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में फिर होगा ‘नमः’ सामूहिक विवाह, 31 गरीब कन्याएं परिणय सूत्र में बंधेंगी

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर प्रबंधन द्वारा तैयारी तेज
मातारानी की कृपा से दूसरी बार हो रहा नम: सामूहिक  विवाह का आयोजन-नमन पाण्डेय

कोरबा।माँ सर्वमंगला देवी की असीम कृपा से दुरपा स्थित माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर एक बार फिर सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना का साक्षी बनने जा रहा है। मंदिर प्रबंधन द्वारा ‘नमः सामूहिक विवाह’ के दूसरे आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जिसमें 31 गरीब कन्याएं विवाह के पवित्र बंधन में बंधेंगी। आयोजन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा के प्रबंधक, पुजारी एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने बताया कि यह आयोजन माता रानी की कृपा से संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक और मानवीय प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ जीवन की नई शुरुआत का अवसर प्रदान करते हैं।

गौरतलब है कि इससे पूर्व 02 मार्च 2024 को मंदिर परिसर में पहली बार ‘नमः सामूहिक विवाह’ का आयोजन किया गया था, जो अत्यंत भव्य और सफल रहा। उस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री अरुण साव सपत्नीक उपस्थित होकर नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। साथ ही कोरबा विधायक एवं केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन सहित प्रदेश व जिले की कई गणमान्य विभूतियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई थी।

प्रथम आयोजन की ऐतिहासिक सफलता के बाद इस बार भी कार्यक्रम को और भव्य व सुव्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।