कोरबा शहर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरे तीन वाहन जप्त किए हैं। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना एवं सीएसईबी चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई पिछली रात शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापामार दबिश देकर की।
पुलिस के अनुसार जिन दुकानों से अवैध कबाड़ जब्त किया गया, उन्हें पहले ही सील किया जा चुका था, इसके बावजूद वहां चोरी-छिपे कबाड़ की खरीद-फरोख्त की जा रही थी।
आरोपी कबाड़ को दूसरे जिले भेजने की तैयारी में थे, तभी पुलिस को सूचना मिली और तत्काल कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान कबाड़ से भरे वाहन जब्त किए गए और मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सीएसईबी चौकी क्षेत्र के रशियन हॉस्टल के पास लोहे के पुल की रेलिंग और प्लेटें काटकर चोरी करने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण में कुल 15 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 10 आरोपी अब भी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से टाटा एस वाहन, स्प्लेंडर बाइक, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन व एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन तथा 6,000 रुपये नकद बरामद किए गए थे। आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी जब्त की गई थी।
पुलिस का कहना है कि शहर के कुछ इलाकों में कबाड़ की अवैध खरीद-फरोख्त की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं, जिस पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















