कोरबा।कोरबा जिले के कटघोरा थाना परिसर में पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए एक अनोखी पहल की है। सूचीबद्ध गुंडों और निगरानी वाले बदमाशों को थाने में बुलाकर परेड कराई गई।
एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने इन तत्वों से उनकी आजीविका, रहन-सहन और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने उनके चरित्र रिकॉर्ड की समीक्षा की और स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
पुलिस ने उन्हें समझाया कि “कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे”। अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने, अच्छे आचरण और नैतिक जीवन अपनाने की सलाह दी गई। परिवार और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपराध-मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान आगामी किसान मेला और पाली महोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध जमावड़े या अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बदमाशों को किसी संगठित गिरोह या समूह में शामिल न होने और कानून का पालन करने की समझाइश दी गई।
परेड और समझाइश के बाद सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने दो टूक कहा कि यदि कोई दोबारा अपराध में पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह पहल अपराधियों को सुधारने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















