अवैध शराब पर छापे के दौरान आबकारी टीम पर हमला, वाहन में तोड़फोड़; सरपंच पति सहित दो पर FIR

कोरबा।जिले के ग्राम बरपाली में अवैध शराब के खिलाफ छापामार कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है।

इस दौरान आरोपियों ने आबकारी उपनिरीक्षक के निजी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं टीम के एक सदस्य को चोट भी आई है।

मामले की प्रार्थिया जया मेहर, आबकारी उपनिरीक्षक, आबकारी वृत्त कोरबा (आंतरिक) ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ निजी वाहन स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी-12 बीआर-8820 से ग्राम बरपाली, थाना श्यांग अंतर्गत फूलना बाई उरांव के घर अवैध शराब के संबंध में रेड कार्रवाई करने पहुंची थीं। कार्रवाई के दौरान गांव की कई महिलाएं मौके पर एकत्र हो गईं और आबकारी अमले से बहस करने लगीं।

इसी दौरान सरपंच पति रामजीवन कंवर कुछ अन्य लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और कार्रवाई का विरोध करने लगा। आरोप है कि इसी बीच जयप्रकाश उरांव नामक व्यक्ति ने “मारो-मारो” कहते हुए डंडे से आबकारी टीम के सदस्य नरेश कुमार राठौर के दाहिने हाथ की कलाई पर वार कर घायल कर दिया। आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन के सामने का बायां शीशा भी तोड़ दिया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी जयप्रकाश उरांव एवं रामजीवन कंवर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(3), 115(2), 221 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।