देवी यशगान के साथ हसदेव तट पर 31वां विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं मे उमड़ा आस्था का सैलाब

कोरबा।हसदेव नदी के पावन तट पर भगवती जागरण मंडल द्वारा 31वें वर्ष में विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवी सर्वमंगला की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसमें माता को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात कन्या पूजन कर भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस पावन अवसर पर कोरबा नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सहभागिता निभाई। महिलाओं द्वारा अपने-अपने स्तर पर छप्पन भोग की आकर्षक व्यवस्था कर श्रद्धापूर्वक माता को अर्पित किया गया। कन्या पूजन के बाद प्रारंभ हुए भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने माता का प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भक्ति गीतों की लय पर महिलाओं ने नृत्य प्रस्तुत कर उल्लास का संचार किया। हसदेव तट पर गूंजते भजनों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा।

आयोजन की सफलता में भगवती जागरण मंडल के सदस्यों के साथ नगर के अनेक सेवाभावी नागरिकों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने सेवा भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।