कोरबा।कोरबा जिले में मंगलवार को राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सप्ताह में केवल 5 दिन कार्य प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर हड़ताल की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल में बैंक कर्मी बड़ी संख्या में शाखाओं के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन करते नजर आए।
हड़ताली कर्मचारियों का कहना था कि जब सेबी और आरबीआई जैसी संस्थाओं में 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, तो बैंकों में अब भी 6 दिन काम कराने की बाध्यता क्यों है। बैंक यूनियन ने इसे वर्क-लाइफ बैलेंस और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने बढ़ते कार्यभार, स्टाफ की कमी और लंबी ड्यूटी को लेकर भी नाराजगी जताई। यूनियन नेताओं ने कहा कि यह मांग किसी सुविधा के लिए नहीं, बल्कि बेहतर जीवन और परिवार को समय देने के अधिकार से जुड़ी है।
हड़ताल के दौरान स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। यूनियन ने प्रतीकात्मक रूप से हड़ताल के दिन का वेतन सरकार को देने की घोषणा भी की।
हड़ताल के कारण बैंकिंग कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा और लेन-देन के लिए पहुंचे ग्राहक निराश होकर लौटते नजर आए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















