बालको उत्पादन के साथ ही सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैः सीईओ राजेश कुमार
बालकोनगर।वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में भारत के 77वें गणतंत्र दिवस को भव्य और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया। समारोह की शुरुआत बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और विविधता, समानता एवं समावेशिता का संदेश देते हुए एक ट्रांस महिला के नेतृत्व में प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली।
इस अवसर पर सीईओ राजेश कुमार ने सुरक्षा कर्मियों की अनुशासित और उत्साहपूर्ण परेड की सराहना की। समारोह में बालको के आसपास स्थित 10 स्कूलों के 1,900 से अधिक विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। नृत्य एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान बालको द्वारा आकर्षक झांकियों की शोभायात्रा भी निकाली गई। इन झांकियों में पॉटलाइन, पावर, लॉजिस्टिक्स, मानव संसाधन और फायर सेफ्टी सहित कंपनी के विभिन्न व्यावसायिक कार्यों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। झांकियों ने बालको की समावेशी विकास और सामूहिक प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सीईओ राजेश कुमार ने कहा कि बालको राष्ट्र निर्माण को साझा जिम्मेदारी मानते हुए उत्पादन के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि एल्यूमिनियम उद्योग के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में कंपनी सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास को अपनी कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाए हुए है। उन्होंने 1 मिलियन टन विस्तार योजना को भारत की औद्योगिक प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर आयोजित नगर गौरव पुरस्कार समारोह में बालकोनगर क्षेत्र के सेंट्रल बोर्ड और छत्तीसगढ़ बोर्ड के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं के दो टॉप विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं ₹10,000 नकद राशि प्रदान की गई, जबकि कक्षा 12वीं के दो टॉप विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। साथ ही परेड और झांकी प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली टीमों को भी पुरस्कृत किया गया।
गणतंत्र दिवस समारोह के बाद सीईओ राजेश कुमार ने बालको अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए।

यह पहल समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति बालको की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस भव्य समारोह में 6,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी,कर्मचारी, व्यावसायिक साझेदार,यूनियन पदाधिकारी,उनके परिजन और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ मिलकर एकता, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय गौरव का उत्सव मनाया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















