जन शिक्षण संस्थान कोरबा में हर्षोल्लास से मना गणतंत्र दिवस

कोरबा। घंटाघर चौक स्थित कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस), कोरबा में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रेस क्लब कोरबा के संरक्षक मनोज शर्मा द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया, जिससे संपूर्ण संस्थान परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

ध्वजारोहण उपरांत मुख्य अतिथि मनोज शर्मा ने हितग्राहियों, प्रशिक्षुओं एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व, संविधान की गरिमा तथा देश के विकास में युवाओं एवं कौशल प्राप्त नागरिकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जन शिक्षण संस्थान जैसी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री जायसवाल ने भी अपने उद्बोधन में संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी साझा की और गणतंत्र के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी सावित्री जेना ने सभी अतिथियों, हितग्राहियों एवं स्टाफ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

यह आयोजन न केवल राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम बना,बल्कि संस्थान से जुड़े प्रशिक्षुओं एवं हितग्राहियों में देशसेवा और आत्मनिर्भरता की भावना को भी सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर तृष्या मोहंती,लक्ष्मी चटर्जी,विजय लक्ष्मी महंत,सतरूपा प्रजापति,सुनीता राठौर,अंजू बनर्जी,किशोर महंत,नरेंद्र साहू,उमेश मकवाना,ओमकार गुप्ता,रुख्मणि यादव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।