कोरबा। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के दिन कोरबा जिले में हुई चार अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने जश्न के माहौल को मातम में बदल दिया। इन हादसों में दो छात्रों समेत कम से कम दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए हैं। अधिकांश घटनाओं के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है।
पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र में मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास हुई। ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कॉलेज छात्र की बाइक को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक के मौके से फरार होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी घटना लखनपुर क्षेत्र की है, जहां ध्वजारोहण कार्यक्रम से लौट रही 10 वर्षीय स्कूली छात्रा को एक बोलेरो वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में छात्रा की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
तीसरी घटना कटघोरा-लखनपुर मार्ग पर लखनपुर के पास हुई। यहां तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर एक मोड़ पर पलटते हुए नाले में जा गिरा। वाहन में सवार दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



चौथी घटना में दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार घायल हो गए। उन्हें भी इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
सभी घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायलों का इलाज जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है।
प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
लगातार हो रहे ये हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाहीऔर यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करते हैं।
स्थानीय लोगों में इन घटनाओं को लेकर शोक के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















