कोरबा।औद्योगिक नगरी कोरबा के लिए 77वें गणतंत्र दिवस पर अदानी समूह की ओर से बड़ी सौगात आई। अदानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदानी विशेष दौरे पर कोरबा-चांपा मार्ग स्थित पताड़ी पावर प्लांट (अदानी पावर लिमिटेड) पहुंचे। उनके इस दौरे ने प्लांट के विस्तार कार्यों को नई गति प्रदान की और जिले के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा।

दौरे के दौरान गौतम अदानी ने प्लांट परिसर में पौधरोपण किया, कंट्रोल रूम और कोल हैंडलिंग प्लांट का गहन निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। वे प्रोटोकॉल से हटकर सीधे कर्मचारियों के बीच पहुंचे, उनसे खुले मन से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। इस सहज और आत्मीय व्यवहार की प्लांट में काफी सराहना हो रही है।
तीसरे चरण का विस्तार: 800 MW की दो अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल यूनिट्स
गौतम अदानी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तीसरे चरण (Phase-III) के विस्तार पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए। यहां 800 मेगावाट क्षमता की दो नई अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी आधारित यूनिट्स लगाई जाएंगी, जिनकी कुल क्षमता 1600 MW होगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 15,000 करोड़ रुपये है। पर्यावरणीय जनसुनवाई आगामी 27 फरवरी को सरगबूंदिया हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में होगी।
चौथे चरण की संभावना और दूसरे चरण की प्रगति
प्रबंधन दूसरे चरण (Phase-II) की 660 MW क्षमता वाली इकाइयों को अप्रैल-मई तक चालू करने की तैयारी में जुटा है। गौतम अदानी ने अधिकारियों को चौथे चरण में अतिरिक्त 800 MW की दो यूनिट्स लगाने की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इससे प्लांट की कुल क्षमता में भारी वृद्धि होगी।
दौरे में अदानी पावर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी विनीत जैन, पूर्व आईएएस अमन सिंह और नरेश गोयल सहित अन्य प्रमुख मौजूद रहे। गौतम अदानी ने सुबह रायपुर जिले के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट का दौरा किया और वहां गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर से पताड़ी पहुंचे, जहां हेलीपेड सीएचपी के निकट बनाया गया था।
हाल के दिनों में गौतम अदानी ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, मध्य प्रदेश के अनूपपुर और छत्तीसगढ़ के विभिन्न पावर प्लांटों का दौरा किया है, जो समूह के पावर बिजनेस पर विशेष फोकस को दर्शाता है। यह दौरा कोरबा के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















