कोरबा शहर में पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार नकेल कसी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रतीक चतुर्वेदी स्वयं सड़कों पर गश्त कर रहे हैं। बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
सोमवार रात को एएसपी और सीएसपी ने यातायात अमले के साथ मिलकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज़ कानफोड़ू आवाज में वाहन चलाने वाले 6 चालकों को पकड़ा। टीपी नगर चौक पर 6 मामले दर्ज हुए, जबकि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 2 कार्रवाई की गई।
कुल 8 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इन सभी वाहनों के चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान यातायात एएसआई ईश्वरी लहरें, रामनारायण रात्रे, मनोज राठौर, संतोष सिंह खटकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि ऐसे संशोधित साइलेंसर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। नागरिकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कोरबा पुलिस की यह मुहिम शहर में शांति और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















