कोरबा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के सभी पुलिस थानों, चौकियों और सहायता केंद्रों में राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण कर सलामी दी गई। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने एसपी कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक निवास में ध्वजारोहण किया, जबकि सभी थाना एवं चौकियों में संबंधित प्रभारियों द्वारा झंडारोहण किया गया।
इसी कड़ी में पुलिस सहायता केंद्र सर्वमंगला में एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां प्रशांति वृद्ध आश्रम के 75 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक भूपनारायण गोस्वामी से ध्वजारोहण कराया गया। इस अवसर पर सहायता केंद्र प्रभारी एएसआई विभव तिवारी सहित उपस्थित पुलिस स्टाफ ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
कार्यक्रम में प्रशांति वृद्ध आश्रम के अन्य वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के पश्चात सभी को मिष्ठान्न का वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में प्रभारी विभव तिवारी द्वारा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर वरिष्ठजनों से ध्वजारोहण कराने की परंपरा निभाई जा रही है।
साथ ही जिला पुलिस की ओर से प्रशांति वृद्ध आश्रम में समय-समय पर सेवा कार्य भी किए जाते हैं। पुलिस विभाग से मिले सम्मान और स्नेह से वृद्धाश्रम के वरिष्ठजन भावुक नजर आए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















