बर्खास्त नगर सैनिक ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, सुसाइड नोट में अफसरों पर प्रताड़ना का आरोप

कोरबा से इस वक्त की एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आ रही है। नगर सेना के एक जवान ने कथित रूप से बर्खास्तगी से आहत होकर आत्महत्या का प्रयास किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नगर सैनिक ने कलेक्टर परिसर में जहर सेवन कर लिया।

घटना के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसे तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में नगर सैनिकों की भीड़ जमा हो गई है। पीड़ित नगर सैनिक की पहचान संतोष पटेल के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में नगर सेना के  डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले जिला सेनानी के खिलाफ महिला नगर सैनिकों द्वारा विशाखा समिति में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

गौरतलब है कि इससे पहले राजनांदगांव जिले में भी एक नगर सैनिक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आ चुका है, जिससे नगर सेना विभाग में व्याप्त आंतरिक समस्याओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।