कोरबा।जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में डिंगापुर और रामपुर के बीच स्थित एक बस्ती में पुलिस ने बड़ा छापा मारा। स्थानीय निवासियों की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस की टीम ने एक मकान पर दबिश दी, जहां से पांच महिलाएं और तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़े गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मकान में लंबे समय से युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था। आसपास के लोग अक्सर गाली-गलौज, हंगामा और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की आवाजें सुनते थे, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था। बच्चों के स्कूल जाने-आने में भी परेशानी होती थी। इन शिकायतों पर पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक लखन पटले और सीएसपी प्रतिक चतुर्वेदी के निर्देशन में सिविल लाइन पुलिस टीम ने मकान में छापेमारी की। छापे के दौरान कमरों में मौजूद सभी आठ लोग (5 महिलाएं और 3 युवक) संदिग्ध हालत में मिले। उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला सेक्स रैकेट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
वार्ड नंबर 36 के पार्षद अजय गोड ने इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि लंबे समय से चल रही इन गतिविधियों से निवासियों को काफी परेशानी हो रही थी। कई बार विवाद की नौबत आ चुकी थी। उन्होंने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने पुष्टि की कि बस्तीवासियों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई है और जांच जारी है। आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होगी।
यह घटना इलाके में सनसनी फैला रही है और पुलिस अब मकान मालिकिन व अन्य संभावित शामिल लोगों की तलाश कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















