राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निगम में दिलाई गई मतदाता शपथ

आयुक्त ने कहा– निर्भीक होकर करें मतदान, किसी भी प्रलोभन में न आएं

कोरबा।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा में शुक्रवार को मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार परिसर में आयोजित कार्यक्रम में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम के अधिकारी-कर्मचारियों, एनयूएलएम अंतर्गत महिला स्वसहायता समूह की सदस्यों और स्वच्छता दीदियों को मतदाता शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने “मेरा भारत-मेरा वोट” की भावना के साथ लोकतंत्र में आस्था रखते हुए यह संकल्प लिया कि वे देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे और स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए बिना किसी भय, प्रलोभन, धर्म, जाति, वर्ग या भाषा से प्रभावित हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इस अवसर पर अपर आयुक्त विनय मिश्रा,उपायुक्त नीरज कौशिक,बी.पी. त्रिवेदी व पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता भूषण उरांव,तपन तिवारी,लीलाधर पटेल,लेखाधिकारी भवकांत नायक,संपदा अधिकारी अनिरूद्ध सिंह, जनसंपर्क अधिकारी रावेन्द्र सिंह,निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां एवं महिला स्वसहायता समूह की सदस्याएं मौजूद रहीं।