राज्य सलाहकार ने पोड़ी उपरोड़ा में स्वच्छता गतिविधियों का किया निरीक्षण

पोड़ी उपरोड़ा।राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार श्रीमती मधुरिमा मसीह ने आकांक्षी ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत जनमन योजना के तहत संचालित स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बिंझरा एवं गुड़रुमुड़ा में विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर परिवारों के लिए निर्मित घरेलू शौचालयों का डोर-टू-डोर भौतिक निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत बिंझरा के पंचायत भवन में सरपंच, सचिव, स्वच्छाग्राही समूह की दीदियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कचरा संग्रहण व्यवस्था, घरेलू शौचालयों के नियमित उपयोग, कचरा संग्रहण शुल्क तथा ग्रामीणों में अधिक से अधिक स्वच्छता जागरूकता लाने पर विस्तार से चर्चा हुई। कचरा संग्रहण शेड के निरीक्षण के दौरान राज्य सलाहकार ने स्वच्छाग्राही समूह की दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत गुड़रुमुड़ा के बस्तीपारा एवं मांझीपारा में निर्मित घरेलू शौचालयों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को नियमित रूप से शौचालय उपयोग करने की समझाइश दी गई। साथ ही ग्राम पंचायत कोनकोना में निर्माणाधीन फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) कोरबा विमल धिरही, जीवन लाल रावत, ब्लॉक एसबीएम टीम पोड़ी उपरोड़ा, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं स्वच्छाग्राही समूह के सदस्य उपस्थित रहे।