कोरबा।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त विकासखंडों, तहसीलों, संकुलों, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विद्यालयों, मतदान केंद्रों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में विविध कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।
सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को लोकतंत्र के प्रति निष्ठा की सामूहिक शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान उपस्थितजनों ने बिना किसी भय, प्रलोभन, धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय या भाषा से प्रभावित हुए प्रत्येक निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया।
मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत जिले के विभिन्न संस्थानों में रंगोली, नारा लेखन एवं पोस्टर निर्माण जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे नए और युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरणा मिली।
इस क्रम में भैंसमा स्थित स्व. प्यारे लाल कंवर शासकीय महाविद्यालय, शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय लाफा, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल कुसमुंडा तथा केंद्रीय विद्यालय कुसमुंडा सहित जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। वहीं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत कार्मिकों ने भी लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया और लोकतंत्र को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















