कोरबा में खुला साइबर पुलिस थाना, अजय सोनवानी बने पहले थाना प्रभारी

कोरबा। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा में साइबर पुलिस थाना की स्थापना कर दी गई है। थाना गठन के बाद उप निरीक्षक अजय सोनवानी को साइबर पुलिस थाना कोरबा का पहला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में साइबर सेल के प्रभारी हैं और थाना गठन के बाद उनकी पदस्थापना को यथावत रखा गया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा आदेश जारी किया गया है। यह कार्रवाई गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की 21 नवंबर 2025 की अधिसूचना के तहत की गई है।

जारी आदेश के अनुसार साइबर पुलिस थाना कोरबा में कुल 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है।

इनमें प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह कंवर, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा तथा आरक्षक सुशील यादव, आलोक टोप्पो, संजीव कुमार सिंह, श्याम कुमार सिदार, प्रशांत सिंह, रेणु टोप्पो, विरकेश्वर प्रताप सिंह, डेमन ओगरे एवं रवि कुमार चौबे शामिल हैं।

साइबर थाना के गठन से ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों और अन्य डिजिटल अपराधों की जांच में तेजी आएगी। साथ ही आम नागरिकों को साइबर अपराधों से संबंधित शिकायत दर्ज कराने और समाधान पाने के लिए अब थाना स्तर पर अलग सुविधा उपलब्ध होगी।

यह आदेश 24 जनवरी 2026 से प्रभावशील माना गया है।