टीईटी परीक्षा में सख्ती, मेटल डिटेक्टर से होगी परीक्षार्थियों की जांच

1 फरवरी को दो पालियों में परीक्षा, 6,583 अभ्यर्थी होंगे शामिल

कोरबा।छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) आगामी 1 फरवरी को जिले में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर एवं फ्रिस्किंग जांच की जाएगी।

प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक जिले के 7 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी, जिसमें 2,214 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5.45 बजे तक जिले के 14 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें 4,369 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए व्यापम के निर्देशों के अनुसार सभी आब्जर्वर, केंद्राध्यक्ष एवं उड़नदस्ता दल को विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।

परीक्षार्थियों के लिए जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार प्रथम पाली में सुबह 9 बजे तथा द्वितीय पाली में दोपहर 2.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि मेटल डिटेक्टर एवं फ्रिस्किंग जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

इसके अलावा परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनने तथा फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। परीक्षा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।