कोरबा।छत्तीसगढ़ के उद्योग,वाणिज्य,श्रम,आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में कुल 47.5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने नारियल तोड़कर इन कार्यों की शुरुआत की और अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
इन कार्यों में शामिल हैं:
29 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से झगरहा-कोरकोमा-पसरखेद-चचिया मार्ग निर्माण
7 करोड़ 22 लाख रुपये में सक्ती से कोरबा मार्ग के 3.40 किमी हिस्से का उन्नयन
1 करोड़ 87 लाख रुपये में रिंग रोड से डिंगापुर पहुंच मार्ग निर्माण
1 करोड़ 58 लाख रुपये में मुड़ापार-दादर-भालुसटका होते हुए रिसदी बायपास तक 2-लेन निर्माण
4 करोड़ 65 लाख रुपये में शासकीय नवीन महाविद्यालय रामपुर का भवन निर्माण
1 करोड़ 21 लाख रुपये प्रत्येक में पी.डब्ल्यू.डी. रामपुर हायर सेकेंडरी स्कूल और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदनपुर के भवन निर्माण
ये सभी कार्य मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से पहले भूमिपूजन हो चुके थे, और आज मंत्री देवांगन ने इन्हें औपचारिक रूप से शुरू किया।
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात दी थी, अब हमारी सरकार इसे संवार रही है। उन्होंने डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल को विकास का सुनहरा काल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में कोरबा के सर्वांगीण विकास की बात कही।
उन्होंने बताया कि जिला खनिज न्यास मद से ही कोरबा के चार विधानसभा क्षेत्रों में 3000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं, और आने वाले समय में सभी प्रमुख मार्गों का कायाकल्प होगा।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी वार्डों में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। उन्होंने मंत्री देवांगन को कोरबा का पूर्व महापौर और विकास पुरुष बताते हुए उनके निरंतर सहयोग और फंड व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही कोरबा समस्याविहीन शहर बनेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एम.आई.सी. सदस्य ममता यादव, अजय गोंड, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















