कोरबा। सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के पंप हाउस परिसर में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के कारण एक नाबालिग युवक पर क्रूर चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोपियों ने पीड़ित को बातचीत के बहाने बुलाया, जहां पहले से घात लगाए एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने सबसे पहले नाबालिग अतुल तिवारी के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद एक नाबालिग आरोपी ने चाकू से उसके शरीर पर कई गंभीर वार किए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि अतुल की हालत अब खतरे से बाहर है, लेकिन मारपीट और चाकू के वार से उसके शरीर पर गहरे जख्म आए हैं और उपचार जारी है।
हमले के तुरंत बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सीएसईबी पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल 7 नाबालिग आरोपियों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस के प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मारपीट और चाकूबाजी में शामिल अधिकांश आरोपी आरामशीन क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि पीड़ित अतुल तिवारी पंप हाउस इलाके का रहने वाला है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और बाकी संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
यह घटना स्थानीय स्तर पर नाबालिगों में बढ़ती हिंसा और पुरानी रंजिशों के खतरनाक परिणामों को लेकर चिंता बढ़ा रही है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















