उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया शिलान्यास
कोरबा।टी.पी. नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा परिसर में सीएसआर फंड से 40 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य शुरू होने जा रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से पेवर ब्लॉक लगाना तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास शामिल है।
आज यहाँ विकास कार्यों का भूमिपूजन प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग है, जो गुरुजी की कृपा से आज पूरी हो रही है। समाज द्वारा अनुमानित 38.5 लाख रुपये की बजाय सीएसआर मद से 40 लाख रुपये स्वीकृत कराए गए हैं, ताकि धनराशि की कोई कमी न रहे और कार्य निर्बाध रूप से हो सके।
श्री देवांगन ने सिख समाज की त्याग, वीरता और बलिदान की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरबा के सभी वर्गों से उन्हें निरंतर आशीर्वाद मिलता रहा है। गुरुद्वारा परिसर के समग्र विकास में यदि कोई कमी रह गई तो उसे पूरा करने के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
महापौर ने की लंगर हाल जीर्णोद्धार की घोषणा
कार्यक्रम में सिख समाज के सदस्यों की मांग पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने गुरुद्वारा परिसर में स्थित लंगर हाल के जीर्णोद्धार (नवीनीकरण) की घोषणा की। उन्होंने उद्योग मंत्री का आभार जताया और कहा कि श्री देवांगन के प्रयासों से कोरबा में विभिन्न स्रोतों से फंड की व्यवस्था हो रही है, जिससे सभी वार्डों में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। महापौर ने कोरबा वासियों को आश्वस्त किया कि वे उनके विश्वास पर खरी उतरेंगी और हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहेंगी।
पूर्व महापौर काल की सौगात याद की गई
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री अमरीक सिंह धंजल ने बताया कि जब लखनलाल देवांगन कोरबा के महापौर थे, तब उन्होंने ही गुरुद्वारा परिसर में लंगर हाल का निर्माण कराया था। उस समय प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य विकास कार्य भी पूरे किए गए थे, जिन्हें आज भी स्थानीय लोग याद करते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने तब वादा किया था – “ड्राइंग आपकी होगी, फंड हमारा होगा, समाज जैसा चाहेगा वैसा बनेगा।”
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद, विभिन्न पार्षदगण, गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान जतिंदर सिंह, परविंदर सिंह भाटिया, अमरीक सिंह धंजल सहित सिख समाज के बड़ी संख्या में सदस्य और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह पहल सिख समाज के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ सामुदायिक सद्भाव और कोरबा के स्थानीय विकास को मजबूत करने वाली साबित होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















