नई दिल्ली/रायपुर। केंद्र सरकार ने आगामी जनगणना के पहले चरण के दौरान नागरिकों से पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों की सूची जारी कर दी है। यह चरण 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगा, जिसमें घरों का सूचीकरण और आवास जनगणना की जाएगी।
प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में यह अभियान निर्धारित 30 दिनों की अवधि में चलाया जाएगा, जबकि संपूर्ण प्रक्रिया 30 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी।
पहले चरण के दौरान जनगणना अधिकारी घर के स्वामित्व की स्थिति, घर के उपयोग, फर्श व छत में प्रयुक्त सामग्री, कमरों की संख्या और परिवार के मुखिया के लिंग से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। इसके साथ ही घर की स्थिति, उपयोग और परिवार के सदस्यों की संख्या के बारे में भी विवरण लिया जाएगा।
नागरिकों से उनके घरों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी मांगी जाएगी। इसमें पीने के पानी का मुख्य स्रोत, रोशनी का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता व प्रकार, अपशिष्ट जल निकासी, स्नान और रसोई की सुविधा, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन तथा खाना पकाने में उपयोग होने वाले मुख्य ईंधन से जुड़े प्रश्न शामिल हैं।
इसके अलावा जनगणना कर्मी रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप, कंप्यूटर, टेलीफोन, मोबाइल व स्मार्टफोन जैसे उपकरणों, वाहन के प्रकार, घर में उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज तथा जनगणना संबंधी संचार के लिए मोबाइल नंबर की जानकारी भी एकत्र करेंगे।
सरकार ने नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प भी दिया है, जिसके तहत गृह सूचीकरण अभियान शुरू होने से पहले 15 दिनों की अवधि में लोग स्वयं जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जनगणना दो चरणों में आयोजित की जा रही है। अप्रैल से सितंबर 2026 तक घरों का सूचीकरण और आवास जनगणना होगी, जबकि फरवरी 2027 में व्यक्तियों की गणना की जाएगी।



Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















