कोरबा।जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड, कोरबा (पूर्व) में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
रिहर्सल कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की उपस्थिति में मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया गया।
फाइनल रिहर्सल में मुख्य अतिथि की भूमिका में सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड का निरीक्षण किया। मुख्य समारोह में प्रस्तावित ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित सभी गतिविधियों का क्रमबद्ध अभ्यास किया गया।




परेड में जिला पुलिस बल,नगर सेना,वन विभाग, सीआईएसएफ, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने सहभागिता की।
परेड का नेतृत्व मुख्य परेड कमांडर आरआई अनथराम पैकरा एवं सहायक परेड कमांडर एसआई अजय सोनवानी ने किया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अभ्यास सम्पन्न हुआ।
रिहर्सल के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने समारोह स्थल पर अतिथियों एवं आम नागरिकों की बैठक व्यवस्था,साउंड सिस्टम,पेयजल,जलपान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन से जुड़े शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा विभागीय झांकियों के प्रवेश एवं निर्गत मार्ग को स्पष्ट रूप से चिन्हांकित करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अनुशासन बनाए रखने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
इस अवसर पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग,अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल,एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















