कोरबा। कोरबा जिले में चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत झोपड़ीपारा पंप हाउस इलाके में पति द्वारा पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न यूनिट में जारी है।
जानकारी के अनुसार दंपत्ति के बीच लंबे समय से चरित्र संदेह को लेकर विवाद चल रहा था। पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और दोनों का एक बच्चा भी है। घरेलू विवाद से परेशान होकर महिला कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि कथित आरोपी पति पेट्रोल की बोतल लेकर पत्नी के मायके पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के उस पर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद महिला को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने कथित आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















