निगम की आंतरिक परिवाद समिति में नहीं आई यौन उत्पीड़न से जुड़ी कोई शिकायत

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में कामकाजी महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम हेतु गठितआंतरिक शिकायत/परिवाद समिति के समक्ष अब तक किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा परिवाद प्रस्तुत नहीं किया गया है और न ही कोई मामला लंबित है।

लैंगिक उत्पीड़न निवारण, प्रतिरोध एवं प्रतितोष अधिनियम 2013 के अंतर्गत निगम में गठित इस समिति की समय- समय पर बैठक आयोजित की जाती है। इसी क्रम में निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान यह तथ्य सामने आया कि समिति के पास इस विषय से संबंधित कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस पर समिति के सदस्यों ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की।

बैठक में समिति की अध्यक्ष गुलिस्ता साहू, सदस्य सचिव सुभाषिनी आशावान सहित सदस्य तारा भगत, कीर्ति अनंत, तिरिथबाई, मालती सोनी, पुष्पा बंजारे, तिलका बाई ध्रुव, शीतला गोंड़ आदि उपस्थित रहे।