जोगियाडेरा अब ‘कौशल्याधाम’ के नाम से पहचाना जाएगा, निगम की सामान्य सभा में 27 प्रस्ताव पारित

कोरबा। कोहडिया क्षेत्र अंतर्गत स्थित जोगियाडेरा बस्ती को नगर निगम की सामान्य सभा में नई पहचान मिल गई है। अब यह बस्ती ‘कौशल्याधाम’ के नाम से जानी जाएगी। नवनिर्मित कौशल्याधाम के प्रतिष्ठा अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष रखी गई मांग पर विचार करते हुए यह प्रस्ताव निगम की साधारण सभा में सर्वसम्मति से मंजूर किया गया।

शुक्रवार को आयोजित नगर निगम की सामान्य सभा में कुल 27 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई, जबकि 2 प्रस्तावों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया। बैठक की अध्यक्षता सभापति नूतन सिंह ने की।

महापौर संजू देवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण बैठक में उपस्थित रहे। निगम सचिव द्वारा एजेंडा पढ़े जाने के बाद चर्चा उपरांत प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।

साधारण सभा में दादरखुर्द मानिकपुर में सार्वजनिक रथयात्रा को अनुदान, सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत पेंशन योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना तथा सेवाभारती को आर्थिक सहायता देने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही यह भी तय किया गया कि आगामी वर्ष भी ओपन थिएटर में रामलीला का आयोजन किया जाएगा।

हेलीपेड पंचमुखी हनुमान मंदिर के पीछे स्थित निगम के रिक्त भवन में मां सर्वमंगला जनजाति कल्याण केंद्र संचालन का प्रस्ताव विधिक सलाहकार समिति की जांच रिपोर्ट आने तक होल्ड पर रखा गया है। इसके अलावा नेत्रदान व देहदान करने वाले परिजनों को सम्मानित करने संबंधी प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

टेलीकॉम कंपनियों से वसूला जाएगा संपत्ति कर
नगर निगम क्षेत्र में भारती टेलीकॉम, जियो, वोडाफोन आइडिया एवं बीएसएनएल द्वारा बिछाए गए भूमिगत केबल पर संपत्तिकर लगाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। वहीं बस स्टॉप, स्ट्रीट लाइट पोल या सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए माइक्रोसेल, वाई-फाई एंटीना अथवा यूटिलिटी बॉक्स पर प्रति स्थान 500 रुपये वार्षिक शुल्क निर्धारित किया गया है।

छह उद्यानों का नामकरण और अन्य प्रस्ताव मंजूर
सभा में नगर निगम क्षेत्र के छह उद्यानों का नामकरण ‘नमो पार्क’ किए जाने, मल्टीलेवल पार्किंग के पास वेंडिंग जोन की स्थापना, उद्यानों के पुनर्विकास, संचालन व संधारण हेतु निविदा आमंत्रण तथा जल आवर्धन योजना फेस-1 के संचालन एवं संधारण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।