पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली समीक्षा बैठक, मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश

कोरबा।प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जिले में प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं लक्ष्यबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर  कुणाल दुदावत ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं अधिकृत वेंडर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में योजना की जमीनी प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इसे सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए सभी संबंधित पक्षों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आमजन को आर्थिक राहत के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, बैंकर्स एवं वेंडर्स से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना को सफल बनाने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने जिले में योजना के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने, कार्यप्रणाली में प्रोफेशनल एप्रोच अपनाते हुए तेजी से प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोड़ने हेतु वार्डवार शेड्यूल बनाकर शिविर आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में उपस्थित वेंडर्स को सोलर प्लांट इंस्टॉलेशन में तेजी लाने के लिए पर्याप्त सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मटेरियल डंपिंग बढ़ाने एवं फील्ड इंजीनियरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने शासकीय भवनों जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, आश्रम-छात्रावास एवं जल जीवन मिशन से संबंधित परिसरों में पीएम सूर्यघर योजना अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अभियंताओं को लंबित आवेदनों की प्रत्येक चरण में नियमित समीक्षा करने, अनावश्यक विलंब रोकने तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर प्लांट इंस्टॉलेशन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में बैंकर्स एवं वेंडर्स से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में कार्यपालन अभियंता कोरबा शहरी विद्युत विभाग  आर.एल.वर्मा,कार्यपालनअभियंता कोरबा ग्रामीण शत्रुघन सिन्हा,कार्यपालन अभियंता कटघोरा ग्रामीण संभाग अंशु वासने सहित विभाग के उप अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अधिकृत वेंडर्स उपस्थित रहे।