कोरबा।जिले के कटघोरा कृषि महाविद्यालय परिसर में संचालित डामर (अस्फाल्ट) फैक्ट्री से हो रहे प्रदूषण के कारण विद्यार्थियों सहित आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अनुविभागीय अधिकारी पोड़ी-उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
एबीवीपी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कॉलेज परिसर के ठीक सामने संचालित डामर फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं, धूल एवं प्रदूषित कण लगातार महाविद्यालय परिसर में प्रवेश कर रहे हैं। इसका असर बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल तक पहुंच रहा है, जिससे विद्यार्थियों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, खांसी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदूषित वातावरण के कारण छात्रों की पढ़ाई भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
विद्यार्थियों ने बताया कि 20 जनवरी से प्रारंभ होने वाली प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तैयारी वर्तमान परिस्थितियों में बेहद कठिन हो गई है। यह स्थिति न केवल वर्तमान स्वास्थ्य बल्कि उनके भविष्य के लिए भी चिंता का विषय बन गई है।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई कि यदि समय रहते जिला प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो इस प्रदूषण से आम नागरिक भी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। उन्होंने फैक्ट्री के संचालन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
इस अवसर पर अभाविप प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमरजीत सिंह राजपूत,जिला संगठन मंत्री प्रदीप साहू, नगर स्टडी सर्कल प्रमुख सुमित साहू सहित शुभम सूर्यवंशी, अखिल खूंटे, प्रीति साव, अजय कश्यप, देवेंद्र साहू, झरना साहू, संजना मरावी, जान्हवी दिनकर, रंजना लिबर्टी, जितेश साहू, मंदीप सिंह मार्को सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

