ढोढ़ीपारा नहर किनारे लगी लोहे की रेलिंग चोरी, पाइपलाइन पर मंडराया हादसे का खतरा

कोरबा। वार्ड क्रमांक 17 ढोढ़ीपारा क्षेत्र में नहर किनारे लोगों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगाई गई लोहे की रेलिंग को चोरों ने निशाना बना लिया। पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने बताया कि नहर के किनारे करीब 70 से 80 फीट लंबी लोहे की रेलिंग लगाई गई थी, जिसे अज्ञात चोरों ने बीती रात गैस कटर से काट दिया। चोरों ने रेलिंग के कई टन लोहे के हिस्से को नहर में गिरा दिया, जबकि कुछ हिस्से अपने साथ ले गए।

सुबह जब स्थानीय लोग नहर किनारे से गुजरे तो उन्हें रेलिंग गायब मिली। इतना ही नहीं, इसी क्षेत्र से गुजर रही एक बड़ी पाइपलाइन के आसपास बनी सुरक्षा रेलिंग को भी चोरों ने काटकर चोरी कर लिया। पार्षद ने आशंका जताई कि यदि चोरों ने नीचे लगे एंगल और प्लेट को भी काट लिया तो भारी पाइपलाइन गिर सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज वार्डवासियों ने बैठक कर पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने का निर्णय लिया। इसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि जिले में कबाड़ व्यवसाय बंद होने के बावजूद इस तरह की चोरी होना गंभीर चिंता का विषय है। सवाल यह है कि चोरी किया गया कबाड़ आखिर कहां और कैसे खपाया जा रहा है।

इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वार्ड पार्षद की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले ही कोतवाली थाना पुलिस ने राताखार क्षेत्र की दो कबाड़ दुकानों को सील कर वहां से वाहन जब्त किए थे। पुलिस चोरी के नेटवर्क और कबाड़ के अवैध कारोबार की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है।