कोरबा।लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों पर गति अवरोधक, रेडियम पट्टी, संकेतक एवं साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने ओवर स्पीडिंग, बिना हेलमेट, तीन सवारी तथा बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्त चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल एवं कॉलेजों में जागरूकता शिविर आयोजित कर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति सजग करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में ब्रेकर, स्पष्ट साइनेज, रेडियम पट्टियां लगाने तथा पेड़-पौधों की छटाई कर दृष्टि बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने एवं मोडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
लापरवाह चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए हैं और सैकड़ों मामलों में चालानी कार्रवाई की गई है, जिससे पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी आई है। उन्होंने बताया कि भारी एवं हल्के वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान संचालित जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूल और कॉलेजों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड के सहयोग से नियमित रूप से रंगोली, नुक्कड़ नाटक, क्विज एवं निबंध जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















