नुक्कड़ नाटक से छात्रों ने जगाई लोकतांत्रिक चेतना: “अंगाकर रोटी खाएंगे, वोट देने जाएंगे”

कोरबा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोरबा के निर्देशानुसार 20 से 24 जनवरी तक जिले में मतदाता जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को कमला नेहरू महाविद्यालय के बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में महाविद्यालय परिसर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली रानी रोड, पुरानी बस्ती एवं इतवारी बाजार होते हुए पुराना बस स्टैंड पहुँची। रैली में प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक नारे लगाते हुए लोकतंत्र में मतदान के महत्व का संदेश देते नजर आए।

पुराना बस स्टैंड पर बीएड विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें बस यात्रियों, वाहन चालकों, व्यापारियों एवं आम राहगीरों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि “अंगाकर रोटी खाएंगे, वोट देने जाएंगे” और मतदान को प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताया।

नाटक के दौरान एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के महत्व और नागरिकों के लिए इसकी आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला गया।

प्राचार्य डॉ. बोपापुरकर ने कहा कि महाविद्यालय द्वारा निर्वाचन विभाग के उद्देश्य के अनुरूप आगामी दिनों में रंगोली, चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मतदान, वोट का अधिकार एवं एसआईआर विषय पर जन-जागरूकता अभियान जारी रहेगा।

इस अवसर पर एनएसएस जिला संगठक वाय. के. तिवारी ने भी एसआईआर के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से जानकारी देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।